मोदी की रैली ऐतिहासिक, जनता को वादे पर भरोसा : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 11 अप्रैल 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने ऋषिकेश रैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि जनता को मोदी के वादे पर पूरा भरोसा है और पार्टी पांचों सीटों पर पांच लाख के अंतर से जीत दर्ज करेगी। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान को तत्काल अमल में लाने का आग्रह किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने आज प्रधानमंत्री मोदी का मार्गदर्शन लेने पहुंचे लाखों युवाओं, मातृशक्ति, पूर्व सैनिक,सर्व समाज समेत देवभूमि के सभी वर्गों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी में उमड़ा सैलाब दर्शाता है कि लोकतंत्र के महापर्व में देवभूमि भाजपामय हो गई है। इससे पहले रुद्रपुर की रैली के बाद से समूचे मानसखंड और तराई के मैदानों में विकसित भारत निर्माण के पक्ष में लहर बह रही है।

आज केदारखंड समेत समूची धर्मनगरी का ये रैला मोदी जी के सैनिकों की चुनाव में जीत की गारंटी दे गया है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने ऐतिहासिक एवं युग परिवर्तनकारी कार्य किए हैं, जिसके कारण देवभूमि की जनता ने मोदी को आशीर्वाद देने का मन पहले से ही बनाया हुआ था।

उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि अब समय है कि मोदी के विचारों और मार्गदर्शन को जन-जन तक पहुंचाया जाए। हम सबको उनके विजन और कार्यों के आधार पर प्रदेश के सवा करोड़ से अधिक देवतुल्य जनता का आशीर्वाद प्राप्त करना है। इसके तहत मोदी की ओर से बताए दो कामों को अवश्य करना है,पहला अपनी देवी देवताओं एवं पवित्र धाम में शीश नवाना है और दूसरा प्रत्येक मतदाता तक मोदी जी की राम-राम कहकर आशीर्वाद लेना है। हमें जी तोड़ मेहनत से प्रदेश के सभी पोलिंग स्टेशनों पर कमल खिलाकर मोदी को प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!