उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 09 दिसंबर 2024
उत्तराखंड में मौसम ने रविवार को करवट बदलती और रात में बर्फबारी हो गई। इसी के साथ ही ठंड में जबरदस्त बढ़ोत्तरी हो गई है। वहीं केदारनाथ सहित राज्य के पर्वतीय इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी से लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। चम्पावत व लोहाघाट में भी आसपास की चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। जिससे शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है। आईएमडी ने आज भी राज्य के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में आज भी बर्फबारी की संभावना है।
उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलते ही ठंड में बढ़ोत्तरी हो गई है। रविवार को कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हुई। केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, चकराता के साथ ही कुमाऊं के चम्पावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में ऊंचाई वाले कई इलाकों में बर्फबारी हुई है। रविवार को राज्य के अधिकांश इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा। वहीं चम्पावत में सुबह से ही बादल छाए रहे। जिससे मौसम ने करवट बदली। शाम होते-होते केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित कई हिस्सों में बर्फबारी शुरू हो गई, जो रात तक जारी रही। उत्तरकाशी जिले के प्रमुख पर्यटक स्थल हर्षिल में सैलानियों ने बर्फबारी का आनंद उठाया। चकराता बाजार और लोखंडी में भी बर्फबारी हुई। मसूरी और देहरादून सहित कम ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। इससे निचले क्षेत्रों में शीतलहर से ठंड बढ़ गई है।
वहीं चम्पावत में भी आज सोमवार की सुबह हल्की बूंदाबांदी और उसके बाद हल्की बर्फारी हुई। चम्पावत जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्र मायावती आश्रम, हिंगला देवी, क्रांतेश्वर, खेतीखान, झुमाधुरी, मानेश्वर आदि क्षेत्रों में मौसम की पहली बर्फबारी देखने को मिली।