लोअर इंडिकेटर वाले क्षेत्रों से संबंधित विभागों के नोडल सचिव नामित, समीक्षा के निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 16 अगस्त 2024

उत्तराखंड का एसडीजी इंडेक्स में प्रथम स्थान बरकरार रखने तथा कम प्रदर्शन वाले कुछ इंडिकेटर में सुधार के लिए विशेष कार्य करने के उद्देश्य से मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने लोअर इंडिकेटर वाले क्षेत्रों से संबंधित विभागों के नोडल सचिव नामित कर 15 दिन में समीक्षा के निर्देश दिए हैं। जीरो हंगर तथा विशेषरूप से महिलाओं व बच्चों में कुपोषण हटाने के लक्ष्य में सुधार के दृष्टिगत पीडीएस के माध्यम से दालों की आपूर्ति की कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए हैं।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने ऐसे दिव्यांग बच्चे, जाे माध्यमिक शिक्षा पूरी नहीं कर सके, की पूर्ण शिक्षा की व्यवस्था करने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्य सचिव ने आंगबाड़ियों में ही दिव्यांग बच्चों की पहचान कर भविष्य में उनकी सुविधानुसार विशेष शिक्षा के प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। राज्य में वर्कफोर्स में लैगिंक समानता लक्ष्य प्राप्त करने तथा महिलाओं की भागीदारी कार्यबल में बढ़ाने की दिशा में मुख्य सचिव ने उद्यम नीति में आवश्यक सुधार करने की बात कही।

महिलाओं व बच्चों में कम बीएमआई एवं एनीमिया की समस्या के निदान के लिए मुख्य सचिव ने इन समस्याओं की प्रमुखता वाले क्षेत्रों की पहचान कर टारगेटेड अप्रोच के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। राज्य में वायु गुणवत्ता में सुधार के दृष्टिगत मुख्य सचिव ने शहरी विकास एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जिम्मेदारी तय कर सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं वायु प्रदूषण के नियंत्रण पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

गुमशुदा बच्चों, बच्चों के प्रति अपराध एवं मानव तस्करी के मामलों में मुख्य सचिव ने गृह विभाग को सटीक आंकडे़ एकत्रित कर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। सर्तकता विभाग को भ्रष्टाचार के सभी मामलों को दर्ज करते हुए इन्वेस्टिगेश से दोषसिद्धि तक की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव आनंद बर्धन, सचिव मीनाक्षी सुंदरम, रविनाथ रमन, शैलेश बगौली आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *