खेल सुविधाओं से सशक्त होंगी बेटियां, लोहाघाट स्पोर्ट्स कॉलेज का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण

उत्तराखंड(चंपावत),शुक्रवार 27 फ़रवरी 2026

चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र के छमनिया में निर्माणाधीन राज्य के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 256 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को कार्य समयसीमा के भीतर और तय मानकों के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने फुटबॉल मैदान, एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक सहित विभिन्न खेल सुविधाओं के निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा 300 खिलाड़ियों की क्षमता वाले छात्रावास, शैक्षणिक भवन, प्रशासनिक ब्लॉक, मल्टीपर्पज हॉल, ऑडिटोरियम, स्टाफ क्वार्टर और गेस्ट हाउस के निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बेटियों को आधुनिक और उच्चस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इससे विशेष रूप से पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि यहां से तैयार होने वाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करेंगी।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *