पंचायत चुनाव पर कोर्ट का निर्णय जनपक्षीय कोशिशों की जीत : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 27 जून 2025

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पंचायत चुनाव पर आए हाईकोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण सरकार चुनने का रास्ता साफ हो गया। उन्होंने कहा कि कोर्ट के निर्णय से कांग्रेस के मुह पर तमाचा लगा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि धामी सरकार निष्पक्ष, जन भावनाओं के अनुरूप और पारदर्शिता के साथ चुनाव के लिए प्रयासरत रही। लेकिन कांग्रेस निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए जारी प्रक्रिया के खिलाफ रोड़े अटकाती रही। अदालत में कांग्रेस ने अपने काल के अधिवक्ताओं सहित वकीलों की फौज खड़ी कर दी। आखिरकार सरकार की पारदर्शी और जनपक्षीय कोशिशों की जीत हुई।

उन्होंने कहा कि पार्टी के पास समर्थित उम्मीदवारों के नामों का पैनल आ गया है और शीघ्र उनकी विधिवत घोषणा कर दी जाएगी। पार्टी सभी पंचायत अध्यक्ष सीटों पर जीत दर्ज करेगी। न्यायालय ने निर्वाचन आयोग और सरकार की आरक्षण प्रक्रिया को सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने पर्यवेक्षक सभी विधानसभाओं में भेज दिए थे और उन्होंने अपनी रिपोर्ट भी सौंप दी है। रायशुमारी के बाद उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के बड़े नेताओं की दावेदारी सामने आने के सवाल पर तंज कसते हुए कहा कि जब भी चुनाव आता है कांग्रेस का परिवारवाद सामने आ ही जाता है। पंचायत चुनाव के बाद फिर विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस के बड़े नेता अपने अपने परिवार का राजनैतिक भविष्य बनाने में जुट जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *