राज्यपाल ने पर्यटन व स्वरोजगार पर दिया जोर

उत्तराखंड(पिथौरागढ़),शुक्रवार 27 मार्च 2026

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने शुक्रवार को पिथौरागढ़ में आयोजित भूतपूर्व सैनिक रैली एवं सैनिक परिवारों के कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए पर्यटन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

पंचशूल ब्रिगेड की 12 कुमाऊं की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में राज्यपाल ने जोरावर साइकिल रैली का झंडी दिखाकर समापन किया। इससे पहले उन्हाेंने प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने वेटरन्स एवं वीर नारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया। इस माैके पर राज्यपाल ने कहा कि पिथौरागढ़ जनपद में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह क्षेत्र वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अपनी विशेष पहचान बनाएगा।

राज्यपाल ने आदि कैलाश और ओम पर्वत जैसे धार्मिक स्थलों का उल्लेख करते हुए क्षेत्र को आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्वितीय संगम बताया।

उन्होंने सेवानिवृत्त सैनिकों को होम-स्टे संचालित करने के लिए प्रेरित किया तथा सैनिक परिवारों की महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

राज्यपाल ने “वाइब्रेंट विलेज” पहल की सराहना करते हुए इसे सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही हनी, अरोमा और मिलेट्स के क्षेत्र में हो रही प्रगति को स्थानीय आजीविका के लिए उपयोगी बताया।

उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का प्रत्येक जवान एक स्वाभाविक नेतृत्वकर्ता होता है, जिसकी नेतृत्व क्षमता समाज के हित में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। राज्यपाल ने पिथौरागढ़ को उत्तराखंड के सैन्य स्टेशनों में उत्कृष्ट बताते हुए इसकी विकास संभावनाओं पर बल दिया।

इस अवसर पर उन्होंने वन रैंक वन पेंशन योजना के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया तथा स्वर्गीय जनरल बी.सी. जोशी के योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम में जीओसी-इन-सी सेंट्रल कमांड लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, जीओसी उत्तर भारत एरिया लेफ्टिनेंट जनरल डी.जी. मिश्रा, जीओसी उत्तराखंड सब एरिया मेजर जनरल एम.पी.एस. गिल सहित वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *