देवभूमि का प्रमाणित मॉड्यूल बना यूसीसी : महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 27 जनवरी 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के सफल और प्रभावी एक वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने इसे समानता का प्रमाणित मॉड्यूल बताया। उन्हाेंने कहा कि यह देश में समान कानून के आधार के रूप में काम करेगा।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार शाम काे एक बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि पहला राज्य बना जिसने यूसीसी लागू किया। इस कानून के लागू होने से विवाह पंजीकरण में 200 गुणा वृद्धि हुई है और मुस्लिम समुदाय में तीन तलाक, हलाला जैसी प्रथाओं पर लगभग शत प्रतिशत रोक लगी है। इससे महिला सशक्तिकरण, संपत्ति के बंटवारे और बाल अधिकारों के मामलों में स्पष्ट कानून स्थापित हुआ है, जिससे धर्म के आधार पर भेदभाव और पेचीदगियां समाप्त हुई हैं। भट्ट ने कहा कि विपक्ष ने इस कानून को लेकर भ्रम और झूठ फैला कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन एक वर्ष बाद स्पष्ट हो गया कि यूसीसी ने समाज में सुरक्षा, अधिकार और समानता बढ़ाई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि देवभूमि में यूसीसी का सफल पहला वर्ष पूरे देश के लिए एक परिपक्व मॉड्यूल साबित होगा। उन्होंने कहा कि यूसीसी को लागू करना और उसका सफल संचालन इतिहास में दर्ज होने वाली उपलब्धि है और आने वाले दिनों में यह एकसमान कानून का संदेश पूरे भारत में मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *