रक्षाबंधन पर लोक भवन में सजी देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों की झलक

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 28 अगस्त 2026

रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को लोक भवन में देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पर्व मनाया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों और विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

राज्यपाल ने सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा, जिम्मेदारी और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों से लेकर समाज और परिवार की सुरक्षा एवं कल्याण में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करना रक्षाबंधन की भावना को व्यापक बनाता है। बच्चों की देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रस्तुतियां नई पीढ़ी को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करने का माध्यम हैं।

इस अवसर पर सेपियंस स्कूल विकासनगर, हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स उत्तराखंड, समर वैली स्कूल देहरादून और देवभूमि इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल हरिद्वार की छात्राओं ने भी राज्यपाल को राखी बांधी। राज्यपाल ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स उत्तराखंड और समर वैली स्कूल की छात्राओं ने देशभक्ति समूह नृत्य प्रस्तुत किया। एसओएस चिल्ड्रन विलेज के बच्चों ने ‘राम आएंगे’ गीत प्रस्तुत किया।

सेपियंस स्कूल की छात्राओं ने ‘रक्षाबंधन-राष्ट्र के प्रत्येक रक्षक का सम्मान’ विषय पर लघु नाटिका के माध्यम से देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया। वहीं, देवभूमि इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

राज्यपाल ने बच्चों के साथ संवाद कर उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। इस अवसर पर छात्राओं को राज्यपाल की ओर से स्मृति-चिह्न भी भेंट किए गए। कार्यक्रम में लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी और संबंधित विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *