भाजपा ने दी भारत रत्न अटल बिहारी को श्रद्धांजलि

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 16 अगस्त 2025

देहरादून स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आज भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की पुण्य तिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई ।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पृथक राज्य निर्माण से लेकर उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास में अटल जी के अमूल्य योगदान के लिए देवभूमि की जनता सदैव ऋणी रहेगी। महेंद्र भट्ट ने कहा कि अटल जी के विचारों को आत्मसात करते हुए हमें राज्य के विकास के लिए संकल्पित होकर कार्य करना होगा। प्रदेशाध्यक्ष भट्ट ने समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं की तरफ से वाजपेई जी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कहा कि राज्य निर्माण का आंदोलन लंबे समय से चल रहा था लेकिन जब वाजपेई जी ने देहरादून की जनसभा में सरकार आने पर उत्तराखंड निर्माण का वादा किया तो समूचे प्रदेश को पूर्ण भरोसा हो गया था। उन्होंने अपने इस वादे पर अमल भी किया और विपरीत परिस्थितियों एवं बहुमत न होने के बावजूद भी राज्य का निर्माण किया।

प्रत्येक कार्यकर्ता और देवभूमिवासी उनके इस अमूल्य योगदान के लिए सदैव ऋणी रहेंगे। वे जब प्रधानमंत्री रहे तो उन्होंने उत्तराखंड के विकास की सदैव चिंता की, औद्योगिक पैकेज दिया, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क का सर्वाधिक लाभ पहाड़ के दूरदराज के गांव को मिला। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अटल जी के जीवन और विचारों को अपने राजनैतिक एवं सामाजिक जीवन में अपनाने का आग्रह किया।

वहीं पूर्व सीएम डा. निशंक ने कहा कि देश और विशेषकर प्रदेशवासियों को अटल जी के योगदान की हर पल, हर क्षण याद रखने की जरूरत है, क्योंकि यदि वे प्रधानमंत्री न होते तो शायद उत्तराखंड अलग राज्य बनता या नहीं बनता कोई दावा नहीं कर सकता है। उनके साथ के संस्मरण का जिक्र करते हुए कहा कि जब वे 80 के दशक में पहाड़ के दौरे पर आए तो उन्होंने स्वीकारा हमारे साथ अन्याय हुआ है और जब भी वे सत्ता में आएंगे, न्याय करेंगे और उन्होंने किया भी।

इस मौके पर पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, अटल जी ऐसी शख्सियत थे, जिन्हें पक्ष विपक्ष सभी सुनते और सराहते थे। वर्तमान परिस्थितियों के सापेक्ष उन्होंने पोखरण विस्फोट का जिक्र करते हुए कहा कि लंबे समय से परमाणु परीक्षण राजनीतिक इच्छा शक्ति की कमी के चलते अटका हुआ था। लेकिन वैचारिक और नीतिगत रूप से दृढ़ प्रधानमंत्री वाजपेई जी ने दुनिया के विरोध की परवाह नहीं करते हुए परीक्षण कराया। उनका विशाल व्यक्तित्व, दूरदर्शी विचार, नैतिक आचरण और सुशासन के स्थापित सिद्धांत हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।

इससे पूर्व राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने कहा कि अटल जी ने अनेकों योग्य समर्थवान कार्यकर्ताओं का निर्माण किया, जिन्होंने देश का विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व किया या वर्तमान में कर रहे हैं। एक वोट से सरकार जाने दी लेकिन विचारों से समझौता नहीं किया, उनकी राजनीतिक सुचिता के इस अविश्वसनीय उदाहरण का पक्ष विपक्ष सभी जिक्र करते हैं। उन्होंने कहा, अटल जी की सरकार में विकास के काम जहां 2004 में छुटा था, वहीं से आगे प्रधानमंत्री मोदी विकास की बड़ी लकीर खींच रहे है।

प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा, अटल जी ने देश निर्माण के साथ नेतृत्व को गढ़ने का कार्य किया। हम सबको अटल जी के विचारों और सिद्धांतों को आत्मसार करते हुए विकसित भारत के संकल्प पर आगे बढ़ना है।

गोष्ठी में विधायक खजान दास, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, सुभाष बड़थ्वाल, अनिल गोयल, डाक्टर आदित्य कुमार आदि ने विचार रखे। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कोली, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, मीरा रतूड़ी, प्रदेश कार्यालय सचिव कुस्तुभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी श, दायित्वधारी श्याम अग्रवाल, शादाब शम्स, मुफ्ती शमून काजमी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *