भाजपा बोली- कांग्रेस ने हरीश को सौंपा परिवारवाद की परंपरा आगे बढ़ाने का जिम्मा

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 25 मार्च 2024

भाजपा ने कांग्रेस पर लोकसभा उम्मीदवार के चयन को लेकर परिवारवाद और मातृशक्ति के अपमान का आरोप लगाया है।

मीडिया ब्रीफिंग में चुनाव प्रबंध समिति संयोजक एवं राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने राज्य में एक भी महिला उम्मीदवार को टिकट न देने पर कहा कि राज्य की स्वाभिमानी जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी।

हरिद्वार रोड पर रिस्पना पुल के पास स्थापित भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित रूटीन बैठक के दौरान राज्यसभा सांसद ने कांग्रेस की लोकसभा उम्मीदवारों की सूची पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उत्तराखंड में परिवारवाद की परंपरा को आगे बढ़ाने का जिम्मा अब हरीश रावत को सौंप दिया है, उनके बेटे को टिकट देकर। बेहद अलोकतांत्रिक एवं अफसोसजनक है कि अपने जमीनी कार्यकर्ताओं को नकारकर एक के बाद एक पूर्व मुख्यमंत्री परिवार के चौथे सदस्य को कांग्रेस का टिकट दिया गया। पहले बड़ा पुत्र, फिर पत्नी, फिर बेटी, अब छोटा बेटा। अनेकों राजनैतिक लॉन्चिंग की कोशिश हुई, लेकिन देवभूमि की जनता ने कभी परिवारवाद का समर्थन नहीं किया। लिहाजा गांधी परिवार की तरह रावत परिवार की इस लॉन्चिंग का भी असफल होना तय है।

एक भी महिला को टिकट न देना मातृशक्ति का अपमान, कांग्रेस की खुल गई पोल

बंसल ने दूसरा बड़ा आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से राज्य में एक भी महिला उम्मीदवार नहीं उतारा है, यह मातृशक्ति का अपमान है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के मुद्दों पर भ्रम फैलाने की राजनीति करने वाली कांग्रेस की पोल एक बार फिर खुल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *