मुख्यमंत्री ने इगास पर्व की दी बधाई, युवाओं से किया लोक परम्पराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 01 नवंबर 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व/बूढ़ी दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोक संस्कृति एवं परम्परा देवभूमि की पहचान है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों से अपनी लोक परम्पराओं एवं समृद्ध लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को जारी एक संदेश में कहा कि किसी भी राज्य की लोक संस्कृति एवं लोक परम्परा उस राज्य की आत्मा होती है। इसमें इगास का पर्व भी शामिल है। हमारे लोक पर्व एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत सामाजिक जीवन में जीवंतता प्रदान करने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपनी लोक संस्कृति एवं लोक परम्पराओं को आगे बढ़ाने में सहयोगी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से संपूर्ण देश में सांस्कृतिक विरासत और गौरव की पुनर्स्थापना हो रही है, उसी तरह उत्तराखंडवासी अपने लोकपर्व इगास को आज बडे़ उत्साह से मना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग इगास पर्व पर अपनी परम्पराओं के साथ अपने पैतृक गांवों से भी जुड सकें, इसके लिए राज्य में इगास पर्व पर सार्वजनिक अवकाश की परम्परा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी काे अपनी लोक संस्कृति एवं लोक पर्वों से जुड़े रहने का भी प्रयास करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से भी अनुरोध किया कि वे भी अपने लोक पर्व को अपने गांव में मनाने का प्रयास करें तथा प्रदेश के विकास में सहभागी बने। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की भी कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *