15 अगस्त से पहले एक सप्ताह चलेगा स्वच्छता अभियान

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 06 अगस्त 2024

उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने जिलाधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की सभी गतिविधियों के अनिवार्य डॉक्यूमेंटेशन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 15 अगस्त तक हरेला के तहत निर्धारित 50 लाख पौधरोपण के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को 15 अगस्त से एक सप्ताह पूर्व जनपदों में स्वच्छता अभियान भी चलाने के निर्देश दिए हैं। हर घर तिरंगा अभियान में प्लास्टिक के झंडों का प्रयोग नहीं करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने झंडों के निर्माण व आपूर्ति में महिला स्वयं सहायता समूहों की सहायता लेने के निर्देश दिए हैं। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर अमृत सरोवर पर झंडारोहण तथा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अनिवार्य रूप से पौधरोपण के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस दौरान जल संरक्षण अभियान चलाने को कहा है।

अत्यधिक वर्षा के कारण नालियों व नालों में जलभराव की समस्याओं के निस्तारण के लिए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने जिलाधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस से पूर्व नालियों के सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों को जनपदों में तिरंगा यात्रा के तहत भव्य जुलूस निकालने व इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्कूलों—कॉलेजों, संगठनों व निवासियों को अपने झंडों के साथ शामिल होने के लिए आमंत्रित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव ने तिरंगा श्रद्धाजंलि के तहत स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिवारों को सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तिरंगा कैनवास के तहत हर घर तिरंगा कार्यक्रम स्थलों पर तिरंगा कैनवास लगाया जाएगा, ताकि लोग स्थानीय भाषा में हर घर तिरंगा या जय हिंद लिख सके। मुख्य सचिव ने 12 अगस्त को स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थानों व अन्य ऐसे स्थलों जहां युवाओं की संख्या अधिक हैं, उन्हें विकसित भारत के तहत नशे से मुक्ति की शपथ दिलवाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सचिव एचसी सेमवाल, संस्कृत निदेशक बीना भटट, अपर सचिव सविन बंसल सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *