टपकेश्वर मंदिर व तमसा नदी में चला स्वच्छता अभियान, मंत्री ने दिया जनभागीदारी का संदेश

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 14 जून 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत रविवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने टपकेश्वर मंदिर परिसर और तमसा नदी में विशेष सफाई अभियान में भाग लिया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर स्वच्छता कार्य करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

इस माैके पर मंत्री जोशी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सामाजिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय योगदान दे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का शुरू किया गया स्वच्छ भारत अभियान आज जन आंदोलन का रूप ले चुका है।

उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। मंत्री जोशी ने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने में सहयोग देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, मंडल प्रभारी समीर डोभाल, मंडल महामंत्री मनोज क्षेत्री, अल्का कुल्हान, बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार, सारिका खत्री, मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष मोहित खरोला सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *