देहरादून में दो दिन पानी का संकट, 20 से ज्यादा इलाकों में बंद रहेगी सप्लाई – Shivam Mail

देहरादून में दो दिन पानी का संकट, 20 से ज्यादा इलाकों में बंद रहेगी सप्लाई

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 24 नवंबर 2026

देहरादून के 20 से ज्यादा इलाकों को नवंबर के आखिरी हफ्ते में पानी के बड़े संकट से जूझना पड़ेगा। बांदल स्रोत से पीने के पानी की सप्लाई 25 और 26 नवंबर को पूरी तरह बंद रहेगी। इससे करीब ढाई लाख की आबादी और 15 हजार कनेक्शन सीधे प्रभावित होंगे। करीब 50 हजार की आबादी पर भी आंशिक असर पड़ेगा।

देहरादून के रायपुर इलाके में आर्डिनेंस फैक्ट्री के पास करीब 18 इंची लाइन से बांदल स्रोत का पानी दिलाराम वाटर वर्क्स तक पहुंचता है। यहां से रोजाना करीब 20 एमएलडी पानी इकट्ठा किया जाता है, जिससे शहर की लगभग एक तिहाई आबादी की पेयजल जरूरत पूरी होती है। ऐसे में दो दिन तक सप्लाई बंद रहने से देहरादून के बड़े हिस्से में पानी का संकट खड़ा हो सकता है।

एक महीने से पाइपलाइन में लीकेज

जल संस्थान 18 इंची मुख्य पेयजल लाइन की मरम्मत करेगा। इस दौरान रायपुर रोड पर यातायात भी डायवर्ट रहेगा। दरअसल, इस पाइपलाइन में पिछले एक महीने से लीकेज है। इससे हजारों लीटर पानी लगातार जमीन में रिसकर बर्बाद हो रहा है। सड़क को भी नुकसान पहुंचा है और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। जल संस्थान ने अब इस बड़ी लीकेज को दुरुस्त करने का निर्णय लिया है। इस पाइपलाइन की मरम्मत के लिए सड़क को करीब 10 फीट की गहराई तक खोदना पड़ेगा।

करनपुर से राजपुर रोड और घंटाघर तक असर

बांदल स्रोत की सप्लाई बंद होने से शहर के कई प्रमुख इलाकों में पेयजल संकट रहेगा। इनमें राजपुर रोड अपर जोन, डीएल रोड, सेवक आश्रम रोड, करनपुर, अरविंद मार्ग, ओल्ड सर्वे रोड, बंगाली कोठी, ईसी रोड, नेशविला, डोभालवाला, न्यू कैंट रोड, सालावाला, कालीदास रोड, चुक्खुवाला, घंटाघर, चकराता रोड, घोसी गली, डिस्पेंसरी रोड, चाटवाली गली, दर्शनलाल चौक, रायपुर रोड और लाडपुर शामिल हैं।

टैंकरों से पहुंचेगा पानी

जल संस्थान की एई वंदना ने कहा, मुख्य लाइन की मरम्मत से प्रभावित होने जा रहे क्षेत्रों में आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। बीजापुर कैनाल स्रोत से पानी लेने के साथ जरूरत के अनुसार टैंकरों के माध्यम से भी सप्लाई की जाएगी।

मरम्मत से पहले पाइपलाइन खाली करने में लगेंगे 18 घंटे

जल संस्थान की एई वंदना ने बताया कि बांदल से दिलाराम वाटर वर्क्स तक जाने वाली पाइपलाइन को पूरी तरह खाली होने में करीब 18 घंटे लगेंगे। इसके बाद ही, मरम्मत का काम शुरू हो सकेगा। लीकेज वाली जगह रायपुर रोड पर यातायात का दबाव रहता है। सड़क की खुदाई भी होगी, इसलिए यातायात डायवर्ट करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *