उत्तराखंड(नैनीताल),बुधवार 09 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि कांग्रेस के पास ऐसा कोई तथ्य या प्रमाण नहीं है, जिससे यह साबित हो कि यज्ञ किसी व्यक्ति का अपमान करने के उद्देश्य से कराया गया था।
रामपुर रोड स्थित विंटेज गार्डन में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में शामिल होने पहुंचे धामी ने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस इस मामले को तूल दे रही है,जो समाज में भ्रम और विभाजन की स्थिति पैदा करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक लाभ लेने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। धामी ने कहा कि राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी समाज को जोड़ने की है और ऐसे मुद्दों को हवा देने से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है।
इससे पहले धामी ने भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में प्रतिभाग किया। बैठक में संगठन को मजबूत करने,आगामी कार्यक्रमों और प्रदेश की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की जा रही है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।