आंगन मिलन कार्यक्रम में बोले धामी- कोई बच्चा कुपोषित न रहे, सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता स्वास्थ्य और पोषण – Shivam Mail

आंगन मिलन कार्यक्रम में बोले धामी- कोई बच्चा कुपोषित न रहे, सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता स्वास्थ्य और पोषण

उत्तराखंड(खटीमा),सोमवार 05 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के गोसीकुआ भुड़ाई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती महिलाओं, माताओं और आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य एवं पोषण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और राज्य सरकार का संकल्प है कि कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे।

धामी ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को भोजन परोसा और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने गोदभराई रस्म में शामिल होकर 10 गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार किट तथा 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। उन्होंने पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। इस दौरान नौ आंगनबाड़ी और दो आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने पौधरोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आंगन मिलन’ सेवा, स्नेह और संवाद को हर घर तक पहुंचाने का माध्यम है। आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के प्रारंभिक शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास की नींव तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

धामी ने कहा कि महालक्ष्मी किट, पोषण योजनाओं और मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना के माध्यम से माताओं एवं बच्चों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। दुर्गम क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं के लिए बर्थ वेटिंग होम की व्यवस्था की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर हेली एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान पौष्टिक आहार, उचित देखभाल, प्रारंभिक शिक्षा और अच्छे संस्कार बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं। बच्चों के पोषण की जिम्मेदारी सरकार के साथ परिवार और समाज की भी है।

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन की सराहना

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रहित और सभी वर्गों के कल्याण के लिए उनके कार्य एवं सेवा भाव प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार, समाज और परिवार के सामूहिक प्रयास से ही स्वस्थ और सशक्त उत्तराखंड का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *