उत्तराखंड(हल्द्वानी),गुरुवार 10 सितंबर 2026
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान देवभूमि के साथ वीरभूमि के रूप में भी है। सैनिकों के शौर्य और बलिदान के कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड को सैन्य धाम की भूमि बताया है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार सैनिकों और उनके परिजनों के सम्मान एवं कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने सेना को देश के स्वाभिमान और सुरक्षा का आधार बताते हुए अग्निवीर योजना को सेना के आधुनिकीकरण और क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक बताया।
उन्होंने कहा कि चार वर्ष की सेवा के बाद प्रशिक्षित और अनुशासित युवा देश के जिम्मेदार नागरिक के रूप में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देंगे। भट्ट ने विपक्ष पर अग्निवीर योजना को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि मौजूदा समय में सेना को आधुनिक तकनीक और बेहतर मारक क्षमता से लैस करना जरूरी है।
भट्ट ने केंद्र सरकार की ओर से वन रैंक वन पेंशन सहित सैनिक कल्याण से जुड़े कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सैन्य परंपरा को देखते हुए सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।