रुद्रपुर में एक लाख करोड़ की ग्राउंडिंग सेरेमनी : मुख्यमंत्री ने दिए समयबद्ध आयोजन के निर्देश – Shivam Mail

रुद्रपुर में एक लाख करोड़ की ग्राउंडिंग सेरेमनी : मुख्यमंत्री ने दिए समयबद्ध आयोजन के निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 11 जुलाई 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर में प्रस्तावित एक लाख करोड़ रुपये की ग्राउंडिंग सेरेमनी के लिए अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियों के निर्देश दिए। यह आयोजन स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देगा और उत्तराखंड की आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खोलेगा।

गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्च स्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम भव्य और प्रभावशाली स्वरूप में आयोजित किया जाए, जिससे राज्य की औद्योगिक प्रगति को नई गति और पहचान मिले। इस भव्य आयोजन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे। यह आयोजन राज्य के औद्योगिक भविष्य को नई दिशा देगा और उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान राज्य सरकार को 3.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से एक लाख करोड़ की ग्राउंडिंग हो चुकी है, जो उत्तराखंड के औद्योगिक विकास के प्रति निवेशकों के विश्वास को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सजगता और समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं, जिससे राज्य की सकारात्मक छवि और निवेश-अनुकूल वातावरण को देश-दुनिया के समक्ष सशक्त रूप से प्रस्तुत किया जा सके।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु, आर.मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पाण्डेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, प्रबंध निदेशक उद्योग सौरभ गहरवार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *