आज देहरादून समेत इन 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 05 जुलाई 2026

उत्तराखंड में मानसून सक्रिय होने के साथ ही मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार सुबह से ही राजधानी देहरादून समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। वहीं, मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। विभाग ने चमोली, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

इसके अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर पड़ने की आशंका जताई गई है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है।

देहरादून के लिए जारी पूर्वानुमान में दिनभर आंशिक से सामान्य बादल छाए रहने, एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश और कुछ क्षेत्रों में तेज वर्षा होने की संभावना जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान सामा में सर्वाधिक 133 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा हल्द्वानी में 68.2 मिमी, चौखुटिया में 61 मिमी, धारचूला में 56.6 मिमी, कपकोट में 56 मिमी और लोहारखेत में 47 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा पर्वतीय मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *