दून मेडिकल कॉलेज में 12 बेड के कार्डियोलॉजी विंग और नए इमरजेंसी वार्ड का लोकार्पण

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 30 अगस्त 2026

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने शनिवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय में 12 बेड के नवनिर्मित कार्डियोलॉजी विंग और नवीन इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का लोकार्पण किया। इन सुविधाओं के शुरू होने से हृदय रोगियों के साथ गंभीर एवं आपातकालीन मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

नवनिर्मित कार्डियोलॉजी विंग से हृदय रोगियों के उपचार की क्षमता बढ़ेगी और उन्हें उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। वहीं, नए इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड के शुरू होने से गंभीर एवं आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के उपचार की क्षमता में वृद्धि होगी।

इस अवसर पर दून मेडिकल कॉलेज ने सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। राज्य के प्रथम मेडिकल कॉलेज के रूप में संस्थान ने सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए एमसीएच यूरोलॉजी सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम के प्रथम दो अभ्यर्थियों डॉ. विशाल सिंह और डॉ. इकबाल अली को प्रवेश/ज्वाइनिंग पत्र प्रदान किए।

मंत्री उनियाल ने इसे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के संचालन से प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। साथ ही जटिल और गंभीर रोगों के उपचार के लिए राज्य में ही उच्च स्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।

उन्होंने कहा कि सुपर स्पेशियलिटी शिक्षा और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संस्थान को उत्कृष्टता के नए आयामों तक पहुंचाने और मरीजों को प्रदेश में ही उच्च स्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासों पर जोर दिया।

दून मेडिकल कॉलेज के विभागाध्यक्ष एवं निदेशक चिकित्सा शिक्षा प्रो.(डॉ.) आशुतोष सयाना ने कहा कि संस्थान में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार,गुणवत्तापूर्ण उपचार,चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार,आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और मानव संसाधन को मजबूत करने पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने भविष्य में नई सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *