जेपी नड्डा बोले, तुष्टीकरण-जातिवाद नहीं, अब पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की राजनीति चलेगी – Shivam Mail

जेपी नड्डा बोले, तुष्टीकरण-जातिवाद नहीं, अब पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की राजनीति चलेगी

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 04 अप्रैल 2024

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पहले राजनीति होती थी भाई को भाई से लड़ाओ, जातिगत, तुष्टीकरण की राजनीति होती थी। यह परिपाटी कांग्रेस ने 70 वर्षों तक चलाई, लेकिन मोदी ने यह परिपाटी बदल दी है। अब राजनीति की परिभाषा बदल गई है। अब केवल मोदी के नेतृत्व में विकासवाद की राजनीति चलेगी यानी पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की राजनीति करनी होगी। तुष्टीकरण, जातिवाद पर अब राजनीति नहीं चलेगी। वे विकासनगर में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे।

जातियों के आधार पर देश को बांटना चाहता है विपक्ष, मोदी के लिए केवल चार जातियां-

उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले जातिगत जनगणना की बात चली और हमने भी कहा कि इससे हमारा कोई दुराव नहीं है, लेकिन जातियों के आधार पर देश को बांटना अच्छी बात नहीं है। मोदी ने ‘ज्ञान’ की बात कही यानी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी। जब इन चारों की बात होगी तो देश अपने आप आगे बढ़ जाएगा। ये बदलता भारत है।

देवभूमि से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को भी साधा-

टिहरी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार माला राज्यलक्ष्मी शाह के समर्थन में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विकासनगर में आयोजित जनसभा में कहा कि उत्तराखंड देवी-देवताओं की भूमि है। पड़ोसी राज्य हिमाचल भी देवभूमि है। यह कर्म भूमि भी है और वीरों की भूमि भी है। उन्होंने कहा कि जब-जब देश पर खतरा आया, तब उत्तराखंड के वीरों ने दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब दिया है।

भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए बना है इंडी एलायंस-

जेपी नड्डा ने इंडी एलायंस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये गठबंधन भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए है। कांग्रेस ने आकाश, पाताल, जल, धरती हर जगह तमाम घोटाले किए। राहुल गांधी, सोनिया गांधी बेल पर हैं। अखिलेश पर तमाम आरोप हैं। केसीआर की बेटी पर घोटाले के आरोप हैं। अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम जेल में हैं। ये सभी परिवारवादी पार्टियां हैं, लेकिन भाजपा में ऐसा नहीं है। यहां एक चाय वाला प्रधानमंत्री बनता है। उन्होंने लोगों से भाजपा को भारी बहुमत से जिताने का आह्वान किया।

वर्ष 2014 के बाद देश में सशक्त सरकार आई : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में सशक्त सरकार आई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान और पहचान पूरे विश्व में बढ़ी है। मोदी ने इस बार विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए 400 पार का लक्ष्य दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने समान नागरिक संहिता को राज्य में लागू किया है। नकल विरोधी,दंगा विरोधी कानून के साथ 30 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को प्रदेश में सरकारी नौकरियों में दिया जा रहा है। इसके अलावा गरीब परिवारों को वर्ष में तीन नि:शुल्क सिलेंडर सरकार दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *