नीतीश कुमार आ चुके, नवीन पटनायक भी लगभग तैयार, अब NDA में तीसरे बड़े दल की वापसी के आसार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की NDA यानी नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस में वापसी हो चुकी है। ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल के प्रमुख नवीन पटनायक के भी जल्द एनडीए में वापसी की अटकलें हैं। अब खबर है कि भारतीय जनता पार्टी भारत के दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में भी बड़े गठबंधन की तैयारी में है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अब तक कुछ नहीं कहा गया है।

खबरें हैं कि भाजपा तेलुगू देशम पार्टी और जनसेना के साथ हाथ मिला सकती है। न्यूज18 की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि टीडीपी चीफ चंद्रबाबू नायडू गुरुवार को नई दिल्ली पहुंच सकते हैं। साथ ही पवन कल्याण भी दिल्ली में मौजूद रह सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा, टीडीपी और जनसेना देर रात मीटिंग कर गठबंधन पर चर्चा कर सकते हैं।

कर्नाटक को छोड़कर भाजपा दक्षिण भारत के किसी हिस्से में खास मौजूदगी दर्ज नहीं करा सकी है। हालांकि, बीते लोकसभा चुनाव में पार्टी को तेलंगाना में भी चार सीटें मिली थीं। 5 राज्यों की 127 सीटों में से भाजपा सिर्फ 29 ही हासिल कर सकी थी। इनमें 25 सीटें कर्नाटक की शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *