राज्य मे भारी बारिश का रेड अलर्ट

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 31 जुलाई 2024

उत्तराखंड राज्य में इन दिनों दरकते पहाड़, गिरती चट्टान, भूस्खलन, धंसती सड़क व नदियों का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। प्रदेश में भारी बारिश की वजह से पहाड़ से लेकर मैदान तक स्थिति भयावह है। चारधाम यात्रा भी प्रभावित हुई है। ऐसे में मौसम विभाग ने राज्य सरकार के अधिकारियों को लोगों की सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्रवाई करने की सलाह दी है। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने को कहा है।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. विक्रम सिंह ने कहा है कि राज्य में चारधाम या अन्य स्थानों की यात्रा करने वाले यात्री सतर्क रहें। आवश्यक न हो तो आवागमन करने से बचें। उन्होंने पांच दिन का पूर्वानुमान जारी किया है। 2 अगस्त तक प्रदेश के अलग—अलग जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट और 3 व 4 अगस्त को भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने गर्जन के साथ आकाशीय बिजली भी चमकने का अनुमान जताया है।

इन जिलों में 2 अगस्त तक बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने 31 जुलाई को टिहरी गढ़वाल, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत, नैनीताल, उधमसिंह नगर, हरिद्वार में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं 1 अगस्त को चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, उधमसिंह नगर में तो 2 अगस्त को उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य में हवाई, रेल, सड़क परिवहन समेत सामुदायिक सेवाएं प्रभावित होने की संभावना संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन एवं चट्टान गिरने व बाढ़ के कारण सड़कों, राजमार्गों व पुलों का बह जाने से मार्ग अवरुद्ध होने की संभावना है। सामुदायिक सेवाएं जैसे बिजली, पानी आदि कहीं—कहीं प्रभावित रहेंगे। कुछ दिनों के लिए कहीं कहीं आपूर्ति और परिवहन प्रभावित रहेगा। कहीं बिजली गिरने से जान-माल की हानि हो सकती है। लगातार भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है। जलप्रवाह में अचानक वृ‌द्धि हो सकती है। कच्चे मकानों, सड़कों, दीवारों, झोपड़ियों और निर्माणाधीन भवनों, पुलों, सुरंगों आदि संवेदनशील ढांचों को क्षति पहुंचने की घटनाएं हो सकती हैं। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति, फिसलन भरी सड़कों और कम बादलों के कारण ड्राइविंग की कठिन स्थिति की वजह से यात्रा समय में थोड़ी वृ‌द्धि होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *