संतला देवी मंदिर के पास उफनती नदी के बीच टापू पर फंसे सात लोग, सुरक्षित रेस्क्यू

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 19 जुलाई 2026

देहरादून में लगातार हो रही बारिश के बीच उफनती नदी में रविवार शाम फंसे सात लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने साहसिक अभियान चलाकर सुरक्षित बचा लिया। घटना थाना कैंट क्षेत्र के संतला देवी मंदिर के समीप की है, जहां नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से सात लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए थे।

सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज हो गया था। चारों ओर से उफनती धारा से घिरे सभी लोग टापू पर फंसे हुए थे और स्वयं सुरक्षित बाहर निकलना संभव नहीं था।

एसडीआरएफ ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय कर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव, फिसलन भरे तट और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने विशेष उपकरणों की मदद से सभी सात लोगों तक पहुंच बनाई और एक-एक कर उन्हें सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

एसडीआरएफ ने बताया कि अभियान के दौरान टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए संभावित जनहानि को टाल दिया। रेस्क्यू किए गए सभी व्यक्ति सुरक्षित हैं।

बचाए गए लोगों में मुकेश (35) निवासी बल्लीवाला, सुशील (36), प्रेम कुमार (27), रोशन गुप्ता (32), राजीव (30), पवन सिंह (25) और सूरज साहनी (30) सभी निवासी सीमा द्वार, देहरादून शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *