उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार हो कौशल विकास योजना : मुख्य सचिव – Shivam Mail

उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार हो कौशल विकास योजना : मुख्य सचिव

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 17 अक्टूबर 2026

उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य की कौशल विकास योजना उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों की मांग और प्रशिक्षण संस्थानों में दिए जा रहे प्रशिक्षण के बीच के अंतर को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

शुक्रवार को सचिवालय में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उद्योग जगत और निजी प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में मुख्य सचिव ने राज्य और जिला स्तर पर कौशल विकास की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रमों की योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने सभी जिलों की जिला कौशल विकास योजनाएं जल्द तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि जिलों में रोजगार की संभावनाओं, उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं और उद्योगों में कौशल की मांग का आकलन कर योजनाएं बनाई जाएं। जिन क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं हैं, लेकिन जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें चिह्नित कर नए कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जाएं। उन्होंने उभरते कौशल क्षेत्रों पर ध्यान देने और इस संबंध में सेतु आयोग के अध्ययन का उपयोग करने को भी कहा।

उन्होंने कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेजों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के मानक निर्धारित करने पर जोर दिया, ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता में एकरूपता सुनिश्चित की जा सके।

मुख्य सचिव ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नियमित आकलन करने और उनकी गुणवत्ता की जांच के लिए तीसरे पक्ष से ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कौशल विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों की मांग के अनुरूप दक्ष बनाकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना होना चाहिए। इसके लिए विभिन्न कौशल विकास योजनाओं और कार्यक्रमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

बैठक में सचिव सी. रविशंकर, श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव मनुज गोयल, रोहित मीणा, नवनीत पांडे, अनुराधा पाल, नरेंद्र सिंह भंडारी, भारतीय उद्योग संघ (उत्तराखंड) के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सीआईआई उत्तराखंड के निदेशक गौरव लांबा और बजाज इंजीनियरिंग स्किल्स ट्रेनिंग सेंटर के डॉ. सचिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *