राष्ट्र निर्माण के लिए चरित्र, संस्कार और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना जरूरी : राज्यपाल – Shivam Mail

राष्ट्र निर्माण के लिए चरित्र, संस्कार और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना जरूरी : राज्यपाल

उत्तराखंड(हरिद्वार),रविवार 22 नवंबर 2026

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके नागरिकों के चरित्र, संस्कार, नैतिकता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण में निहित है। श्रेष्ठ चिंतन, शुद्ध आचरण और लोकमंगल के लिए समर्पित कर्म ही एक समर्थ राष्ट्र की आधारशिला हैं।

शनिवार को देव संस्कृति विश्वविद्यालय में अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि अखंड ज्योति के अवतरण की शताब्दी और माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष का आयोजन आध्यात्मिक चेतना और लोकमंगल की दृष्टि से प्रेरणादायी अवसर है। गुरुदेव की विचारधारा और माताजी के त्याग, सेवा तथा नारी जागरण के आदर्श मानव कल्याण के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना केवल उनके भविष्य को संवारना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों और राष्ट्र को सशक्त बनाने का माध्यम भी है। समाज में सत्य, करुणा, सेवा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता है।

युवाओं का आह्वान करते हुए राज्यपाल ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र के परिवर्तन की सबसे बड़ी संवाहक है। युवाओं को आधुनिक विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और नैतिक मूल्यों से भी जुड़े रहना चाहिए।

देव संस्कृति विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा, योग, संस्कृति और अध्यात्म को आधुनिक ज्ञान-विज्ञान से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में वैज्ञानिक प्रगति के साथ मानवीय संवेदना और नैतिक विवेक का समन्वय भी जरूरी है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत-2047 के संकल्प की ओर आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए भौतिक प्रगति के साथ नैतिक और आध्यात्मिक उन्नति भी आवश्यक है। उन्होंने दीप महायज्ञ को त्याग, सहयोग और लोकमंगल का प्रतीक बताते हुए लोगों से जीवन में सेवा, सद्भाव और समर्पण के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *