ओलंपिक-2036 के लिए उत्तराखंड में अभी से शुरू होगी प्रतिभाओं की खोज, 100-150 खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशिक्षण

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 20 अगस्त 2026

ओलंपिक-2036 में उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए राज्य सरकार ने अभी से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को खेल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रतिभावान खिलाड़ियों की वैज्ञानिक तरीके से पहचान करने और उन्हें उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और क्षमता के अनुरूप ऐसे खेलों की पहचान की जाए, जिनमें उत्तराखंड के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने चयनित खेलों को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रतिभाओं की पहचान के लिए व्यापक स्तर पर टैलेंट हंट कार्यक्रम आयोजित करने और खिलाड़ियों के चयन के लिए मजबूत एवं वैज्ञानिक प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया। प्रारंभिक चरण में 100 से 150 प्रतिभावान बच्चों को चिह्नित कर उनका प्रशिक्षण तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए। चयनित बच्चों के लिए कोचिंग, फिटनेस और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

मुख्य सचिव ने स्कूल स्तर से ही खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें तैयार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा व्यवस्था में खेलों को और प्रभावी ढंग से शामिल किया जाना चाहिए। स्कूलों में कार्यरत पीटीआई के सेंसिटाइजेशन और ग्रूमिंग पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि वे बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों की क्षमता निर्माण भी महत्वपूर्ण है। वर्तमान में प्रतिभावान खिलाड़ियों को अच्छे प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाकर भविष्य के प्रशिक्षित कोच के रूप में तैयार करने की दिशा में भी कार्य किया जाना चाहिए। इससे प्रदेश में आने वाले समय में गुणवत्तापूर्ण कोचों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।

मुख्य सचिव ने बच्चों के चिन्हीकरण, कोच की उपलब्धता और प्रशिक्षण शुरू करने की समयसीमा अभी से निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि ओलंपिक-2036 के लिए प्रतिभाओं की पहचान, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए उन्हें तैयार करने की प्रक्रिया अभी से शुरू करना आवश्यक है।

बैठक में विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव नमामि बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *