मुख्यमंत्री ने 483 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं का बढ़ा विश्वास

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 23 मई 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई एवं कृषि विभाग के अंतर्गत चयनित 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी भर्ती से युवाओं का विश्वास्र बढ़ा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री और मेजर जनरल (से.नि) भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे उत्तराखंड का सपना देखा था, जहां युवाओं की पहचान उनकी मेहनत और प्रतिभा से हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े चार साल में 33 हजार अभ्यर्थियों को मिली सरकारी नौकरी मिली है। आज नियुक्त पाने वाले में 473 पद सिंचाई विभाग और 10 पद कृषि विभाग के शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि आज युवाओं को मिल रहे नियुक्ति पत्र इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से उनके सपनों को साकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में करीब 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि आज चयन केवल मेहनत और प्रतिभा के आधार पर हो रहा है, जिससे युवाओं का व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हुआ है।

इस माैके पर सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने सभी चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पल उत्तराखण्ड के विकास की यात्रा में युवाओं की सक्रिय सहभागिता का शुभारंभ है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी, निष्पक्ष एवं योग्यता आधारित भर्ती प्रक्रिया को निरंतर मजबूती मिली है। आज उत्तराखंड का युवा यह महसूस करने लगा है कि उसकी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण का उसे लाभ अवश्य मिलेगा।

सिंचाई मंत्री ने कहा कि सिंचाई विभाग केवल नहरों और परियोजनाओं का विभाग नहीं, बल्कि किसानों की समृद्धि, जल संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार भी है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि नव नियुक्त कर्मचारी राज्य की प्रगति और जनता की अपेक्षाओं के सहभागी भी बनेंगे।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सभी युवा अपने जीवन में नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद अब पात्र और मेहनती बच्चों को ही नियुक्तियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा आज लाखों नौजवान स्टार्टअप, नवाचार के माध्यम से भी नया अध्याय शुरू कर रहें हैं।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, महंत दलीप सिंह रावत, प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे, युगल किशोर पंत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *