सड़कों की गुणवत्ता पर नजर, 15 अक्टूबर के बाद मुख्यमंत्री करेंगे औचक निरीक्षण

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 14 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अक्टूबर के बाद वह स्वयं सड़क मार्ग से यात्रा कर सड़कों की स्थिति का औचक निरीक्षण करेंगे।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।

चारधाम यात्रा की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता समेत अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और संबंधित जिलों एवं विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की भी समीक्षा की और प्रस्तावित कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए अधिक से अधिक लोगों को सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ा जाए।

स्वाइन फ्लू समेत विभिन्न संक्रामक एवं जलजनित रोगों की रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई, आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को समन्वय से कार्य करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल सहित सचिव, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *