राज्यपाल ने 33वीं सीनियर राष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप का किया शुभारंभ

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 22 सितंबर 2024

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने शनिवार को महाराणा प्रताप स्टेडियम में 33 वीं सीनियर राष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। इस दौरान राज्यपाल ने कहा की वुशु न केवल शारीरिक दक्षता और आत्मरक्षा का माध्यम है, बल्कि यह आत्मानुशासन, मानसिक मजबूती और टीम भावना को भी बढ़ावा देता है।

वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं वुशु एसोसिएशन उत्तराखण्ड के संयुक्त तत्वाधान में 21 सितंबर से 26 सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश भर से वुशु खिलाड़ियों की उपस्थिति देखने को मिलेगी, जहां वे अपनी उत्कृष्ट कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे।

इस मौके पर राज्यपाल ने कहा की यह गर्व का विषय है कि उत्तराखंड इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है और मुझे विश्वास है कि इस चैंपियनशिप के माध्यम से देश को नई प्रतिभाएं मिलेंगी जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन करेंगी।

राज्यपाल ने वुशु खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर न केवल अपने कौशल का प्रदर्शन किया है बल्कि देश का गौरव भी बढ़ाया है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह उत्तराखंड में होने वाले नेशनल गेम्स से पहले हो रहा है, जो निश्चित रूप से हमारे खिलाड़ियों के भीतर नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करेगा। इस आयोजन के लिए उन्होंने वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया को बधाई दी।

वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट, सह वुशु एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रेसिडेंट जीतेन्द्र सिंह बाजवा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया की 40 से अधिक इकाइयों के 1200 से अधिक प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं, जिनमें विभिन्न राज्यों और अर्धसैनिक बलों की टीमें भी होंगी।

इस मौके पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष सचिव खेल एडीजी अमित सिन्हा सहित देशभर के खिलाड़ी और अन्य गणमान्य व्यक्ति और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *