उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 18 मई 2026
मेयर सौरभ थपलियाल ने सोमवार को मोहकमपुर फ्लाईओवर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों एवं स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान एनएचएआई, यूयूएसडीए, यूपीसीएल, जल संस्थान, पीडब्ल्यूडी और निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई गई।
निरीक्षण में पाया गया कि मोहकमपुर फ्लाईओवर बनने के बाद सर्विस लेन का डामरीकरण नहीं किया गया, जिससे सड़क की स्थिति खराब हो गई है। वहीं सीवर और पेयजल लाइन डालने के बाद मुख्य मार्ग की मरम्मत अधूरी छोड़ दी गई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। मेयर ने फ्लाईओवर के नीचे सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और जल निकासी के लिए नालियों के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई। बरसात के दौरान जलभराव और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सौरभ थपलियाल ने विभागों के बीच समन्वय की कमी पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही फ्लाईओवर के नीचे नशा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस विभाग को सख्त कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे। मेयर ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।