हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों से सजा उत्तराखंड पवेलियन,मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ – Shivam Mail

हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों से सजा उत्तराखंड पवेलियन,मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ

नई दिल्ली/देहरादून,शुक्रवार 20 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के तहत उत्तराखंड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं अन्य विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों और उत्पादकों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्पकला में आर्थिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। स्थानीय उत्पाद प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान होने के साथ ही स्वरोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले जैसे आयोजन उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच हैं। इनके माध्यम से प्रदेश के कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और पारंपरिक कौशल को संरक्षण देने के प्रयास किए जा रहे हैं। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के अनुरूप राज्य सरकार भी उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को नई पहचान दिलाने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के जरिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय बढ़ाने के साथ युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा, विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने पवेलियन में भाग ले रहे कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड के उत्पादों को नई पहचान देने और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायक होंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *