मेरे रहते कोई भी घुसपैठिया हमारी बहन-बेटियों के साथ गलत सलूक नहीं कर पाएगा : मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड(रूद्रप्रयाग/चन्द्रनगर),रविवार 17 नवम्बर 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरे रहते कोई भी घुसपैठिया हमारी बहन और बेटियों के साथ गलत सलूक नहीं कर पाएगा। जल्द ही राज्य में भू-कानून लेकर आएंगे। राज्य में लव जिहाद, लैंड जिहाद और थूक जिहाद पर भी राज्य सरकार कड़ी कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस केदारनाथ उपचुनाव में अपनी हार को देखकर तमाम झूठी अफवाहें उड़ा रही है।

शनिवार को चन्द्रनगर में धामी ने केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार आशा नौटियाल के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह बातें कही। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदार की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि मैं अपने आप को सौभाग्यशाली मानता हूं, जो देवी-देवताओं की पवित्र भूमि में आया हूं।

उन्होंने जनता से भाजपा उम्मीदवार आशा नौटियाल के पक्ष में समर्थन देने का आग्रह करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र की सेवा करते हुए यहां बेहतर से बेहतर विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस में यदि महिलाओं का सम्मान होता तो स्व. शैला दीदी भाजपा में नहीं आती। भाजपा सरकार ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। कांग्रेस के लोगों की सच्चाई बच्चों-बच्चों को पता चल गई है। कांग्रेस उम्मीदवार बस चुनाव केदारनाथ से लड़ते हैं बाकी हर काम वो इस क्षेत्र के बाहर से करते हैं। उन्होंने जनता से किसी के झांसे में न आने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आशा नौटियाल को टिकट देकर भाजपा ने महिलाओं के सम्मान को दर्शाया है। राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों में भी 30 प्रतिशत आरक्षण माताओं-बहनों के लिए किया है। उत्तराखंड के अंदर हमारी-माताएं बहनें कठिन परिस्थितियों में कार्य करती हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य के साथ खिलवाड़ करने वाले लोगों को माफ नहीं किया जाएगा और राज्य सरकार जल्द ही भू-कानून लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक ने विकास कार्य में लगने वाले 06 करोड़ रुपये सरकार को वापस कर दिए। यह आकड़ा उनकी विकास के प्रति सोच को दर्शाता है। कांग्रेस के पास विकास के नाम पर एक भी उपलब्धि नहीं है। भाजपा के पास जनता के आशीर्वाद से गिनाने के लिए सैकड़ों उपलब्धियां हैं।

धामी ने कहा कि 2015 में कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने मुंबई में बदरीनाथ मंदिर का शिलान्यस किया था। अब वो इस मुद्दे से बच रहे हैं। अगर कांग्रेस में शर्म बची है तो तत्कालीन मुख्यमंत्री को जनता के सामने आकर माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस ने उत्तराखंड के अंदर लैंड जिहाद, मजार बनाने वालों को आगे बढ़ाया। कांग्रेस के समय में बनी अवैध मजारों को भाजपा सरकार ने हटाया। हमारी सरकार ने 05 हजार एकड़ जमीन से अवैध कब्जा हटाने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उत्तराखंड की डेमोग्राफी बदलने वाले घुसपैठियों को भी बसाया है। कई क्षेत्रों में ये घुसपैठिए बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ये कांग्रेस के लाए गए घुसपैठिए हमारी देवभूमि में लैंड जिहाद, थूक जिहाद और लव जिहाद को बढ़ावा दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके रहते कोई भी घुसपैठिया राज्य की बहन-बेटियों के साथ गलत सलूक नहीं कर पाएगा।

कांग्रेस के नेता एक वर्ग विशेष के वोट के लिए नवरात्रों में मीट खाते हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता सनातन धर्म को बीमारी बताते हैं। कांग्रेस के नेता एक वर्ग विशेष के वोट के लिए नवरात्रों में मीट खाते हैं। कांग्रेस के नेताओं ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया।

इस अवसर पर भाजपा उम्मीदवार आशा नौटियाल, विधायक भरत चौधरी विधायक महंत दिलीप रावत, विधायक शक्ति लाल शाह, विधायक भोपाल राम टम्टा, चंडी प्रसाद भट्ट, अनिल नौटियाल, ऐश्वर्या रावत, दिनेश नौटियाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!