मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों से किया संवाद, सुने विचार और सुझाव

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 27 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित एक निजी विद्यालय में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों के विचार, सुझाव और भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनकी परिकल्पनाएं जानीं और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मार्गदर्शन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखंड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्साहवर्धक है। प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं के विचार और सुझाव उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ‘विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, रोजगार, नवाचार, कौशल विकास, पर्यटन, कृषि, खेल और तकनीक सहित प्रत्येक क्षेत्र को सशक्त किया जा रहा है।

धामी ने कहा कि युवा केवल आज की शक्ति नहीं, बल्कि देश और प्रदेश के भविष्य के निर्माता हैं। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, विकास, नवाचार तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए नई नीतियां लागू की गई हैं।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित किए जाने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण किया गया है। इसका उद्देश्य राज्य के प्रतिभावान विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश और दुनिया में नेतृत्व करने के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने नेतृत्व क्षमता के महत्व पर कहा कि नेतृत्व केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति अपने क्षेत्र में नेतृत्वकर्ता होते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं। विद्यार्थियों के विचार उत्तराखंड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी सोच और संकल्प को दर्शाते हैं।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी राज्य के भविष्य को लेकर सजग और जागरूक है। विद्यार्थियों के सपनों, सुझावों और नवाचारपूर्ण विचारों को विकास की दिशा से जोड़ते हुए सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड का निर्माण किया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 800 छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *