मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खिलाड़ियों के पंजीकरण का नया रिकॉर्ड, 2.35 लाख से अधिक ने कराया रजिस्ट्रेशन

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 27 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में इस वर्ष खिलाड़ियों के पंजीकरण ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। अब तक 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त है।

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को प्रतियोगिता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हर ब्लॉक से कम से कम 2,000 खिलाड़ियों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतियोगिता के आयोजन के लिए जिला योजना से बजट बढ़ाने को कहा, ताकि खिलाड़ियों के आवास, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके।

बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए करीब 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इस वर्ष अब तक यह संख्या बढ़कर 2.35 लाख से अधिक हो गई है। 31 अगस्त तक पंजीकरण जारी रहने के कारण संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। इस वर्ष प्रतियोगिताओं में 8 से 14 वर्ष तथा 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। महिला ओपन वर्ग में 20 से 25 वर्ष तक की महिलाएं भी हिस्सा ले सकेंगी। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

खेल मंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं के आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं और खिलाड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश ममगाईं और उपनिदेशक शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *