मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत 4.39 करोड़ रुपये डीबीटी से जारी

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 07 जुलाई 2026

उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत अप्रैल, मई और जून 2026 की सहायता राशि के रूप में लाभार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 4.39 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की है।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय से योजना के लाभार्थियों के खातों में राशि हस्तांतरित की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान अपने अभिभावकों को खो चुके बच्चों को राज्य सरकार प्रति माह 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है। योजना के तहत मार्च 2026 तक की सहायता राशि पूर्व में ही जारी की जा चुकी थी।

उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 के लिए 4,917 लाभार्थियों को 1 करोड़ 47 लाख 51 हजार रुपये, मई 2026 के लिए 4,879 लाभार्थियों को 1 करोड़ 46 लाख 37 हजार रुपये तथा जून 2026 के लिए 4,848 लाभार्थियों को 1 करोड़ 45 लाख 44 हजार रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से जारी की गई है।

मंत्री आर्या ने कहा कि योजना के प्रावधानों के अनुसार लाभार्थी के 21 वर्ष की आयु पूर्ण करने, बालिका लाभार्थी के विवाह अथवा लाभार्थी के सेवायोजित होने पर उसका नाम योजना से हटा दिया जाता है।

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंशीलाल राणा, सीपीओ अंजना गुप्ता सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *